ये शर्तें हमारे चारधाम और दो धाम हेलीकॉप्टर यात्रा पैकेज पर लागू होती हैं।
हर पैकेज में जो अलग है, वह पैकेज के अनुसार बुकिंग की शर्तें पेज (अंग्रेज़ी में) पर है।
समय-सारिणी और मौसम
हर उड़ान का रिपोर्टिंग समय हमारी टीम आपको बताती है। हेलीकॉप्टर और क्रू उपलब्धता के अनुसार बदल सकते हैं, और एक उड़ान बिंदु से दूसरे तक पहुँचने का समय उपलब्धता या मौसम के कारण अंतिम समय पर बदल सकता है। सही समय-सारिणी प्रस्थान से एक दिन पहले बताई जाती है; यात्रा-कार्यक्रम की समय-सारिणी केवल यह समझाने के लिए है कि दिन कैसे चलते हैं।
उड़ान ऑपरेटर, मौसम और अनुमतियों पर निर्भर है, इसलिए हम किसी तय तारीख या समय पर उड़ान की गारंटी नहीं दे सकते, और ऑपरेटर संचालन या तकनीकी कारणों से उड़ान से पहले उसे रद्द कर सकता है। ऐसे में नीचे खराब मौसम और अप्रत्याशित परिस्थितियों में रिफ़ंड के नियम लागू होते हैं।
केदारनाथ में आपका ठहराव कार्यक्रम के अनुसार फाटा या सेरसी में बुक होता है। अगर खराब मौसम के कारण आपको मंदिर के पास केदारनाथ में रुकना पड़े, तो उस ठहराव का खर्च अलग से लगता है। चारधाम पैकेज में मौसम या संचालन की अनुमति के कारण पहली रात खरसाली या हर्षिल में हो सकती है; प्रस्ताव स्वीकार करने से पहले इसे समझ लें।
मौसम या तकनीकी समस्या के कारण अतिरिक्त रात रुकना पड़े तो रहने और खाने का खर्च यात्री देते हैं; क्रू और हेलीकॉप्टर का खर्च ऑपरेटर उठाता है। यात्रा पूरी करने के लिए हम अधिकतम 01 अतिरिक्त रात प्रतीक्षा करते हैं; उसके बाद पैकेज उसी लागत और शर्तों पर नहीं बढ़ाया जा सकता, और ऐसी स्थिति में यात्रा रद्द की जा सकती है।
आकर्षण
चारधाम और दो धाम पैकेज में हर धाम पर पंडित जी के साथ दर्शन में सहायता।
हर यात्री के लिए एक निःशुल्क डफ़ल बैग।
पूजा
पूजा का शुल्क मंदिर समिति को जाता है और यह हमारे पैकेज या बिल में शामिल नहीं है। पूजा पहले से बुक कराने के लिए राशि नकद देहरादून में हमारे प्रतिनिधि को दें, जो हर यात्री की ओर से पूजा बुक करते हैं।
बद्रीनाथ में महा अभिषेक पूजा: ₹6,700 प्रति व्यक्ति, बद्रीनाथ मंदिर समिति को देय। सुबह जल्दी होने वाली पूजा में जाने के लिए वाहन का खर्च अलग है (लगभग ₹1,000 प्रति इनोवा)।
केदारनाथ में रुद्र अभिषेक पूजा: 05 लोगों के लिए ₹6,500, केदारनाथ मंदिर समिति को देय। इसके लिए केदारनाथ टॉप पर रात रुकना पड़ता है, इसलिए यह वहाँ कमरे उपलब्ध होने पर ही होती है, और होटल का खर्च अलग से लगता है। केदारनाथ टॉप पर कमरे बजट श्रेणी के हैं, और सितंबर और अक्टूबर में रात का तापमान शून्य से नीचे जा सकता है; कृपया यह ध्यान में रखकर निर्णय लें।
देहरादून तक यात्रा और अतिरिक्त सेवाएँ
देहरादून के लिए फ़्लाइट या ट्रेन टिकट: हमारी टीम इन्हें बुक करने में मदद कर सकती है; कीमत अनुरोध पर।
हरिद्वार, ऋषिकेश या मसूरी का एक दिन का भ्रमण: 06 यात्रियों तक के लिए ₹8,000, आपके आने या जाने के दिन देहरादून से सड़क मार्ग से।
देहरादून में अतिरिक्त रात: कीमत अनुरोध पर; होटल हमारी टीम बुक करती है।
कैरिज बाय एयर एक्ट, 1972
BookHelicopter.com यात्रा की व्यवस्था करता है; हेलीकॉप्टर स्वयं नहीं उड़ाता। उड़ान आपकी बुकिंग में नामित परमिट-धारक विमानन कंपनी संचालित करती है, और यात्रा उस ऑपरेटर की गैर-अंतरराष्ट्रीय यात्रा (यात्री और सामान) की शर्तों के अधीन है, जो कैरिज बाय एयर एक्ट, 1972 और गैर-अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर इसके लागू होने की अधिसूचना के अनुसार बनी हैं। हवाई यात्रा के दौरान किसी यात्री की मृत्यु, घायल होने या किसी अन्य शारीरिक चोट, या पंजीकृत सामान को हुए नुकसान के लिए ऑपरेटर का दायित्व कैरिज बाय एयर एक्ट, 1972 की धारा 4, 5 और 6 और दूसरी अनुसूची के नियमों से तय होता है, भारत सरकार के नागर विमानन मंत्रालय द्वारा अधिसूचित अपवादों, अनुकूलनों और संशोधनों के साथ, जैसा समय-समय पर संशोधित हो।
तय उड़ान समय
यात्रा हर गंतव्य के लिए तय दैनिक प्रस्थान समय पर चलती है। यात्रियों को यात्रा के हर दिन अनुमानित प्रस्थान समय (ETD) का पालन करना होता है; समय पर रिपोर्ट न करने वाले यात्री को नो-शो माना जाता है।
यात्री का वज़न
एक हेलीकॉप्टर में अधिकतम 06 यात्री उड़ते हैं, और उनका कुल वज़न 410 किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। बुकिंग के समय हर यात्री का सही वज़न बताएँ।
बोर्डिंग से पहले यात्रियों का वज़न किया जाता है। अगर वज़न बुकिंग के समय बताए गए वज़न से अधिक है तो पायलट बोर्डिंग की अनुमति नहीं देता, और पहाड़ों में सुरक्षित उड़ान के लिए हर हेलीकॉप्टर का वज़न सही रखने हेतु हम यात्रियों को एक हेलीकॉप्टर से दूसरे में बदल सकते हैं। अगर किसी यात्री का वज़न गलत बताया गया और उसे ले जाना संभव न हो, तो उस यात्री को उतार दिया जाता है और उसकी यात्रा बिना रिफ़ंड के रद्द हो जाती है।
अतिरिक्त वज़न शुल्क: प्रति यात्री
75 किलो से अधिक वज़न वाले यात्री 75 किलो से ऊपर हर किलो के लिए अतिरिक्त वज़न शुल्क देते हैं: दो धाम यात्रा पर ₹2,000 प्रति किलो और चारधाम यात्रा पर ₹2,500 प्रति किलो, प्रति यात्री।
अतिरिक्त वज़न शुल्क उड़ान से एक दिन पहले होटल में या बोर्डिंग से पहले हेलीपैड पर लिया जाता है।
सामान
हर यात्री 3 किलो तक सामान ले जा सकता है। बड़े सूटकेस न लाएँ: हेलीकॉप्टर में सामान की जगह बहुत कम है, और पायलट अतिरिक्त सामान ले जाने से मना कर सकता है। ब्रीफ़िंग के समय हमारा स्टाफ़ सभी यात्रियों को डफ़ल बैग देता है।
बच्चे और शिशु
2 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों का पूरा किराया लगता है। 2 वर्ष से कम उम्र या 12 किलो से कम वज़न के शिशु निःशुल्क उड़ते हैं; उम्र की पुष्टि के लिए बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र या अन्य पहचान प्रमाण देखा जा सकता है।
खराब मौसम और अप्रत्याशित परिस्थितियाँ
पहाड़ों में हेलीकॉप्टर उड़ान ऐसी बातों से प्रभावित होती है जिनका पहले से अनुमान नहीं लगाया जा सकता: खराब मौसम, एयर ट्रैफ़िक क्लीयरेंस या अनुमतियों में देरी, वीवीआईपी आवाजाही, भारतीय वायुसेना की घाटी में उड़ान (NOTAM), विमान में अचानक तकनीकी खराबी, उड़ान क्रू की बीमारी, या यात्रियों का हेलीपैड पर देर से पहुँचना। ऐसी स्थिति में देरी और असुविधा के लिए तैयार रहें।
हमारी सलाह है कि पैकेज की अवधि के अलावा देहरादून में एक अतिरिक्त दिन खाली रखें, ताकि यात्रा शुरू होने के बाद खराब मौसम से यात्रा लंबी हो जाए तो परेशानी न हो।
अन्य शर्तें और दिशानिर्देश
हर भारतीय यात्री को वैध सरकारी फ़ोटो पहचान पत्र साथ रखना होता है (आधार की प्रति दें तो अंतिम चार अंकों के अलावा बाकी छिपा दें), और विदेशी नागरिकों को अपना पासपोर्ट।
दान, टिप, पिट्ठू, पालकी या घोड़े और कुली का खर्च यात्री देते हैं।
हर धाम पर ऑपरेटर का अपना क्रू होता है; यात्री मार्गदर्शन या मदद के लिए उनसे बात कर सकते हैं।
बद्रीनाथ में मोबाइल नेटवर्क बहुत कमज़ोर है। इन इलाकों में ज़्यादातर BSNL और Jio काम करते हैं, पर हमेशा नहीं; हमारा स्टाफ़ हर समय मदद के लिए यात्रियों के साथ रहता है।
सावधानी के तौर पर एक छोटी ऑक्सीजन बोतल साथ रखें; यह स्थानीय मेडिकल दुकानों पर मिलती है।
दिन में मौसम सामान्य रहता है पर रातें ठंडी होती हैं, इसलिए ऊनी कपड़े साथ रखें।
अपनी दवाइयाँ साथ रखें।
हम दुर्घटना, बीमारी, चोरी या अन्य अप्रत्याशित घटनाओं के लिए बीमा नहीं देते; कृपया अपना यात्रा बीमा स्वयं कराएँ। सामान और निजी वस्तुएँ हर समय यात्री की ज़िम्मेदारी हैं।
चिकित्सा आपात स्थिति
ज़मीन पर होने वाली चिकित्सा आपात स्थिति के लिए हम ज़िम्मेदार नहीं हैं। ऊँचाई वाले क्षेत्र की यात्रा से पहले अपने डॉक्टर से फ़िटनेस प्रमाणपत्र ले लें।
ऑपरेटर किसी ऐसे व्यक्ति को ले जाने से मना कर सकता है जिसे वह यात्रा के लिए अयोग्य, या हेलीकॉप्टर या उसमें सवार लोगों के लिए जोखिम मानता है। ऐसे यात्री को कोई रिफ़ंड नहीं दिया जाता।
बुकिंग की तारीख बदलना
उपलब्धता के अनुसार, कुल लागत का 20% देकर बुकिंग को आगे की तारीख पर बदला जा सकता है। यह तभी संभव है जब आप यात्रा की तारीख से 15 या अधिक दिन पहले अनुरोध करें। 15 दिन से कम बचे हों तो बुकिंग रद्द मानी जाती है और उपलब्धता के अनुसार नई बुकिंग की जाती है।
भुगतान की शर्तें
बुकिंग पक्की करने के लिए यात्रा लागत का 50% जमा करें; बाकी राशि प्रस्थान की तारीख से 30 दिन पहले देय है।
पूरा भुगतान होने के बाद ही यात्री बोर्ड कर सकते हैं या यात्रा शुरू कर सकते हैं।
रद्दीकरण नीति
पक्की बुकिंग रद्द करने पर, कारण चाहे जो हो, कुल पैकेज राशि का 5% प्रशासनिक शुल्क लगता है। इसके अलावा शुल्क इस पर निर्भर करता है कि आप कितने दिन पहले रद्द करते हैं:
प्रस्थान से 30 दिन पहले तक: पैकेज राशि का 30%।
प्रस्थान से 20 दिन पहले तक: पैकेज राशि का 50%।
प्रस्थान से 14 दिन के भीतर: कोई रिफ़ंड नहीं।
नो-शो (न पहुँचने पर): कोई रिफ़ंड नहीं।
पक्की बुकिंग के किसी भी रद्दीकरण पर इन शर्तों के अनुसार क्रेडिट नोट दिया जाता है।
खराब मौसम और अप्रत्याशित परिस्थितियों में रिफ़ंड
अगर यात्रा के किसी दिन खराब मौसम के कारण उड़ान न हो सके, तो हम अगले दिन दर्शन पूरे कराने का प्रयास करते हैं। अगर खराब मौसम के कारण किसी धाम के दर्शन बिल्कुल न हो सकें, तो प्रति धाम प्रति सीट लगभग ₹20,000 की उड़ान लागत लौटाई जाती है।
अगर मौसम या ऊपर बताए किसी कारण से देहरादून से उड़ान शुरू ही न हो सके, तो यात्रा रद्द मानी जाती है: 5% सेवा शुल्क और उपयोग हो चुकी सेवाओं (जैसे होटल ठहराव और परिवहन) का खर्च काटकर बाकी राशि लौटाई जाती है। या आप चाहें तो अगली उपलब्ध तारीख पर नई बुकिंग के रूप में यात्रा कर सकते हैं; हमारी टीम विकल्प बताएगी, और पहली बुकिंग की बची राशि नई बुकिंग में जोड़ दी जाती है। कोई भी अतिरिक्त खर्च यात्री देते हैं।
उड़ान रद्द होने या देर होने पर अतिरिक्त होटल ठहराव, परिवहन, भोजन या अन्य यात्रा खर्च का कोई मुआवज़ा नहीं दिया जाता। यात्रियों के कहने पर पैकेज बढ़ाना अतिरिक्त खर्च पर और ऑपरेटर के उड़ान भर सकने पर निर्भर है।
धाम पर रुकना पड़े या बीच में यात्रा छोड़नी हो
अगर खराब मौसम के कारण बद्रीनाथ से देहरादून की उड़ान न हो सके, तो होटल ठहराव का खर्च मेहमान स्वयं देते हैं। अगर मेहमान अगले दिन की उड़ान की प्रतीक्षा करने के बजाय सड़क से देहरादून लौटना चुनें, तो सड़क यात्रा का खर्च भी उन्हीं का होता है, और कोई रिफ़ंड नहीं दिया जाता।
अगर किसी धाम पर कोई समूह तय वापसी की तारीख से पहले यात्रा रद्द करके नीचे आना चाहे, तो सड़क यात्रा के लिए वाहन की व्यवस्था हम करते हैं, जिसका भुगतान मेहमान सीधे करते हैं। बीच में यात्रा रद्द करके लौटने पर कोई रिफ़ंड नहीं दिया जाता।
विवाद
सेवा या इन शर्तों की वैधता, व्याख्या, लागू होने या पालन से जुड़ा कोई भी विवाद भारत के कानूनों के अधीन है और देहरादून, उत्तराखंड की अदालतों के क्षेत्राधिकार में आता है। इससे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत अपने निवास स्थान पर शिकायत दर्ज करने का आपका अधिकार समाप्त नहीं होता। बुकिंग इस आधार पर ली जाती है कि बुकिंग करने वाला पक्ष इन शर्तों को स्वीकार करता है। किसी और जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए कृपया हमसे संपर्क करें।